सेवा संकल्प महोत्सव में सभी विधानसभाओं में होंगे नुक्कड़ नाटक और रंगोली आयोजन
अलीगढ़ जनपद में सेवा संकल्प महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा

अलीगढ़ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत-2047 के संकल्प तथा देश-प्रदेश में हुए बदलाव की कहानी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अलीगढ़ जनपद में सेवा संकल्प महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में सभी सात विधानसभाओं में नुक्कड़ नाटक, नाट्य मंचन एवं रंगोली कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित थीम, स्क्रिप्ट एवं मानकों के अनुरूप प्रभावी ढंग से कराया जाए तथा स्थानीय कलाकारों, युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विधानसभा में स्थानीय स्तर पर 19 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे, जबकि संस्कृति विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई टोलियों के माध्यम से 10 नुक्कड़ नाटक एवं एक नाट्य मंचन कराया जाएगा।क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि संस्कृति विभाग की टोलियों के कार्यक्रम खैर एवं बरौली विधानसभा में 24 से 27 सितम्बर, अतरौली में 28 सितम्बर से 1 अक्टूबर, छर्रा में 2 से 5 अक्टूबर, कोल में 6 से 9 अक्टूबर, अलीगढ़ में 10 से 13 अक्टूबर तथा इगलास में 14 से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित हैं। स्थानीय स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की जियोटैग फोटोग्राफी एवं वीडियो भी उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं विकसित भारत-2047 की थीम पर जिला एवं ब्लॉक स्तर पर भव्य रंगोलियां भी बनाई जाएंगी। इनमें प्राकृतिक रंग, फूल, अनाज एवं मिट्टी का प्रयोग करते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर दिया जाएगा। सभी प्रमुख रंगोलियों की फोटोग्राफी के साथ ड्रोन एवं एरियल कवरेज भी कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प महोत्सव के कार्यक्रम केवल आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि जनभागीदारी एवं जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनें तथा प्रत्येक गतिविधि की गुणवत्ता, समयबद्धता और अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए।



