नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प से गूंजा श्री वार्ष्णेय कॉलेज परिसर
युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

अलीगढ : मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” 100-सप्ताह अभियान के तहत श्री वार्ष्णेय कॉलेज, में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से पोस्टर मेकिंग, निबन्ध लेखन प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माय भारत एवं श्री वार्ष्णेय कॉलेज की एनएसएस इकाई के तत्वावधान में आयोजित हुआ।कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सोनाली नेगी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी गुंजन अग्रवाल, योगेश कुमार एवं महाविद्यालय की प्राचार्य नीता सहित माय भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के युवाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 20 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर युवाओं ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त भारत केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक युवा की सामूहिक जिम्मेदारी है। रचनात्मक गतिविधियों, जनजागरूकता और सामूहिक संकल्प के माध्यम से युवाओं ने “नशा मुक्त युवा: विकसित भारत” के संकल्प को मजबूत किया।गौरतलब है कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2 अगस्त 2026 को “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया था। यह अभियान 100 सप्ताह तक विभिन्न जागरूकता, कला, संस्कृति, खेल एवं सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।



