
अलीगढ़ : ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की लाइनों के आसपास होने वाले हादसों को रोकने के लिए विद्युत सुरक्षा को लेकर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। विद्युत विभाग ने आमजन से अपील की है कि 11 हजार वोल्ट की लाइनों, विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और तारों की स्थिति असामान्य दिखाई देने पर स्वयं उन्हें ठीक करने का प्रयास न करें।विभाग के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि यंत्र, पाइप, सीढ़ी, सरिया अथवा अन्य लंबी वस्तुओं का उपयोग करते समय ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसलिए ऐसी लाइनों के नीचे या आसपास लंबी धातु की वस्तुओं को उठाकर ले जाने में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
टूटे तार को कतई न छुएं: यदि कहीं विद्युत तार टूटकर जमीन पर गिरा दिखाई दे तो उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें। आसपास के लोगों और पशुओं को भी उससे दूर रखें और तत्काल संबंधित विद्युत उपकेंद्र को सूचना दें। जमीन पर पड़ा तार पूरी तरह सुरक्षित है, ऐसा मानना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। जहां विद्युत लाइनें पेड़ों के बीच से गुजर रही हों, वहां आंधी, बारिश अथवा तेज हवा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पेड़ की शाखाएं यदि विद्युत तारों को छू रही हों तो स्वयं काटने के बजाय विद्युत विभाग को सूचना दी जानी चाहिए। इसी प्रकार बिजली के पोल के क्षतिग्रस्त होने, तारों के असामान्य रूप से नीचे आने अथवा तारों के बीच स्पार्किंग दिखाई देने र तत्काल सूचना देना जनसुरक्षा के लिहाज से जरूरी है।
बच्चों को विद्युत लाइनों से दूर रखें:विद्युत विभाग द्वारा यह भी अपील की गई है कि बच्चों को विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों के आसपास न खेलने दें खेतों में काम करने वाले किसान भी सिंचाई, जुताई, कटाई और अन्य कृषि कार्यों के दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनों का ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर कार्य रोककर विद्युत विभाग से संपर्क करना ही सुरक्षित उपाय है।मुख्य अभियंता विद्युत अरविंद नायक ने बताया है कि विद्युत सुरक्षा के प्रति थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वयं भी सतर्क रहने और आसपास के लोगों को भी विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि विद्युत लाइनों से संबंधित किसी भी जोखिम की स्थिति में स्वयं समाधान करने के बजाय तत्काल संबंधित विद्युत अधिकारियों को इसकी सूचना दें।



