14 नवम्बर के मांगलिक कार्यक्रम को लेकर जिला मजिस्ट्रेट एवं एसएसपी के सख्त निर्देश
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें अधिकारी

अलीगढ़ : जिले में 14 नवम्बर को आयोजित होने वाले मांगलिक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कार्यक्रम में तैनात पुलिस, प्रशासनिक एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी अधिकारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। सभी अधिकारी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि यह एक मांगलिक कार्यक्रम है, जिसमें अपार जनसमूह द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा, ऐसे में ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं पुलिस कार्मिक आमजन से मधुर व्यवहार बनाए रखें ताकि मंगल कार्य में कोई विघ्न उत्पन्न न हो जिला मजिस्ट्रेट एवं एसएसपी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारियों एवं पुलिस कार्मिकों की ड्यूटियां प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हो जाएंगी। सभी अधिकारी समय से अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सेफ हाउस एवं सेफ हॉस्पिटल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यातायात एवं अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक यातायात को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि दोनों अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करें और अपनी टीम के साथ पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें। वाहनों की सुचारु आवाजाही एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही क्रेन और मैकेनिक की उपलब्धता भी रखी जाए, जिससे किसी वाहन के खराब होने की स्थिति में तत्काल समाधान किया जा सके। कार्यक्रम स्थल पर उद्घोषणा प्रणाली को भी पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों को अवगत कराया गया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए कुल पांच द्वार निर्धारित किए गए हैं। वीवीआईपी पास धारकों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के अंदर निर्धारित स्थान पर रहेगी। शहर की ओर से आने वाले लोगों के लिए कलश बैंक्वेट हॉल के सामने सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, अतरौली की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए कार्यक्रम स्थल से पहले ट्राइडेंट स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय स्कूल सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखें। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने निर्देश दिए कि अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए जाएं। सभी अधिकारी अपने निर्धारित पार्किंग एवं ड्यूटी स्थलों को पहले से देख लें और अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझ लें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सतर्कता के साथ कार्य किया जाएएसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे वायरलेस सेट के माध्यम से निरंतर संपर्क में रहें और अपने अधीनस्थ पुलिस कार्मिकों की तैनाती एवं ड्यूटी की निगरानी सुनिश्चित करें किसी भी सूचना अथवा आवश्यकता पर संबंधित अधिकारी तत्काल समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें। ब्रीफिंग के उपरांत जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर प्रवेश-निकास, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया इस अवसर पर एडीएम सिटी संगीता देवी, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक देहात, पुलिस अधीक्षक यातायात, एएसपी सृष्टि जैन, एसडीएम, एसीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सीओ एलआईयू, एआरटीओ, थानाध्यक्ष, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



