फ्लाईओवर परियोजना में तेजी: दोनों आरएफओ के सभी 20 गांवों का अवार्ड घोषित, अधिकांश मुआवजा वितरित
225 करोड़ मुआवजा राशि किसानों को हुई वितरित, प्रक्रिया जारी

-विशेष भूमि अध्यापति अधिकारी
अलीगढ़ : अलीगढ़-हरदुआगंज रेल रूट पर प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण रेलवे फ्लाईओवर आरएफओ-1 व आरएफओ-4 के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में अब तेजी आ गई है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि परियोजना को लेकर अधिकांश मुआवजा किसानों को वितरित किया जा चुका है और अब कब्जा लेने की तैयारी अंतिम चरण में है।उन्होंने बताया कि आरएफओ-4 परियोजना में करीब 120 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, जबकि आरएफओ-1 के लिए 105 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए जा चुके हैं। दोनों परियोजनाओं से संबंधित सभी 20 गांवों का अवार्ड घोषित हो चुका है, जिससे निर्माण कार्य का मार्ग लगभग साफ हो गया है। प्रशासन के अनुसार भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान छोटे भूखंडों से संबंधित आपत्तियां और अंशदान के विवाद सामने आए थे, जिनका विधिसम्मत निस्तारण प्राथमिकता पर किया गया। बड़ी संख्या में आपत्तियों के बावजूद राजस्व एवं भूमि अध्याप्ति विभाग ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए भुगतान प्रक्रिया को गति दी है।ये दोनों फ्लाईओवर अलीगढ़ जंक्शन पर बढ़ते रेल यातायात के दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इनके निर्माण से मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।अतुल गुप्ता ने बताया कि शेष मुआवजा वितरण और कब्जा हस्तांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर निर्माण एजेंसियों को कार्यस्थल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतर सके। प्रशासन ने किसानों के हितों की रक्षा करते हुए पारदर्शी एवं त्वरित प्रक्रिया अपनाने का भरोसा दिलाया है। परियोजना में आई इस प्रगति को जिले के बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



