इगलास में 252 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी बरामद
खाद्य सुरक्षा विभाग ने की बड़ी कार्यवाही, 136080 रुपए का देशी घी बरामद, नमूना लेकर जांच को भेजा

अलीगढ़ : अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव के कुशल पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना इगलास पुलिस के सहयोग से एक बड़ी कार्यवाही की गई।घटना का विवरण :डॉ0 दीनानाथ यादव सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने थाना इगलास पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान वाहन संख्या HR26EH2124, Maruti Eeco को रोका। जांच में वाहन से नीले रंग के 06 ड्रमों में लगभग 252 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी बरामद हुआ, जिसे बिक्री हेतु ले जाया जा रहा था। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम परवेज, निवासी नूह, हरियाणा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यह घी भरतपुर, राजस्थान से लाकर आस-पास के क्षेत्रों में रुपया 540/- प्रति किलोग्राम’ की दर से बिक्री करने जा रहा था। बरामद घी का अनुमानित बाजार मूल्य रुपया 1,36,080/- है।
की गई कार्यवाही :
1. मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत 02 नमूने विधिक नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह द्वारा संग्रहित कर, सील मोहर कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच के लिए प्रेषित किए गए। शेष लगभग 252 किलोग्राम संदिग्ध घी को सीज कर थाना गोंडा पुलिस की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) दीनानाथ यादव ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि नमूना अधोमानक/असुरक्षित/मिथ्या छाप पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी, जिसमें 6 माह से 3 वर्ष तक का कारावास एवं रुपया 1 लाख से रुपया 10 लाख तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आगे भी जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।



