नवागत जिलाधिकारी मीडिया प्रतिनिधियों से हुए रूबरू
अलीगढ़ जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के कर्मठ आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार ने बुधवार को अलीगढ़ जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। नवागत जिलाधिकारी द्वारा गुरूवार को कलैक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक भेंट वार्ता की गई।
वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी श्री कुमार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे से केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक स्नातक हैं और अपनी जमीनी कार्यशैली, तेज निर्णय क्षमता और परिणामोन्मुखी प्रशासन के लिए प्रदेशभर में विशेष पहचान रखते हैं। अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल में झांसी, बाराबंकी, हरदोई और गाजीपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के विशेष सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाया, जहां उन्होंने शासन स्तर पर नीतिगत निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका अदा की।
अलीगढ़ आगमन से पूर्व आपने गाजीपुर के जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि अलीगढ़ में शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई, राजस्व वादों का समयबद्धता से निस्तारण, लॉ एण्ड ऑर्डर, जिले में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना, नगर निगम एवं प्राधिकरण के समन्वय से विकास कार्यों को गति देना, मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुॅचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा।



