राजघाट में गंगा सप्तमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी,
भव्य शोभायात्रा निकली, काशी की तर्ज पर हुई महाआरती, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

डिबाई के राजघाट गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर गुरुवार को राजघाट में आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगा जन्मोत्सव के अवसर पर लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकमन घाट पर 101वां गंगा जन्मोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। पूरे दिन राजघाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
प्रातःकाल से ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मां गंगा को 51 साड़ियों की पेरावनी की गई तथा 101 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।शाम के समय राजघाट चौराहे से मां गंगा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका शुभारंभ लखपत आर्य ने आरती उतारकर किया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई लोकमन गंगा घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में मां गंगा, भगवान शंकर, हनुमान जी एवं गणेश जी की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे, बैंड-बाजों और जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
लोकमन घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके उपरांत काशी की तर्ज पर भव्य महाआरती की गई तथा मां गंगा को 56 भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच महाआरती का दिव्य दृश्य देखा।
इसी क्रम में बांके बिहारी घाट पर भी काशी शैली में महाआरती का आयोजन हुआ। विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी, एसडीएम मनीष कुमार तथा सीओ मधुप सिंह ने मां गंगा की आरती उतारी और 56 भोग अर्पित किया।
अन्य धार्मिक आयोजनों के अंतर्गत देवी दुर्गा जागरण का आयोजन भी किया गया। पूरे राजघाट क्षेत्र में जगह-जगह भंडारे एवं शरबत वितरण की व्यवस्था रही, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।
मेले एवं शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गंगा घाट पर मोटरबोट के साथ एनडीआरएफ टीम तैनात रही। प्रशासन द्वारा लगातार लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान करने की अपील की जाती रही।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु एसपी क्राइम, एसडीएम मनीष कुमार, सीओ मधुप सिंह, नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद आर्य सहित लगभग 100 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की मुस्तैदी से संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।



