अलीगढ़

सीडीओ ने किया विकास भवन का निरीक्षण

स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश, परिसर को हरित व सुव्यवस्थित बनाने की पहल तेज

-सीडीओ, योगेंद्र कुमार

अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों के साथ-साथ पूरे परिसर का भ्रमण करते हुए स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वह सुनिश्चित करें सभी कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित हों।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण भाल चंद त्रिपाठी को निर्देशित किया कि विकास भवन परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने कार्यालय के भीतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यालय के बाहरी परिसर की स्वच्छता की जिम्मेदारी भी गंभीरता से निभाएं।
सीडीओ योगेंद्र कुमार ने मुख्य भवन के सामने खाली पड़े स्थान के समुचित उपयोग पर जोर देते हुए वहां वृक्षारोपण कराने के साथ बेतरतीब ढंग से खड़े विभिन्न प्रकार के खम्भों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने इंटरलॉकिंग कार्य कराकर परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पार्किंग की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। नियमित निगरानी और सामूहिक प्रयासों से ही विकास भवन को आदर्श, स्वच्छ एवं प्रेरणादायी परिसर के रूप में विकसित किया जा सकता है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!