अलीगढ़

युवा उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर, सीएम-युवा योजना में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

5 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा

अलीगढ़ : जनपद के इच्छुक युवा उद्यमियों के लिए स्वरोजगार स्थापित करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। उपायुक्त उद्योग सूर्य प्रकाश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में इकाई स्थापित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट https://msme.up.gov.in/⁠ पर आवेदन कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा। साथ ही लाभार्थी को परियोजना लागत अथवा अधिकतम 5 लाख रुपये, जो भी कम हो, का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त बैंक/वित्तीय संस्थाओं से लिए गए ऋण पर 4 वर्षों तक शत-प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा। सीजीटीएमएसई कवरेज के लिए आवश्यक धनराशि का वहन भी राज्य सरकार द्वारा 4 वर्षों तक किया जाएगा। उद्यमियों को ऋण स्वीकृति के बाद 6 माह की मोरेटोरियम अवधि भी प्रदान की जाएगी।उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी प्रशिक्षण योजना, एससी/एसटी/ओबीसी प्रशिक्षण योजनाओं अथवा उ0प्र0 कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आवेदक किसी अन्य केंद्र अथवा राज्य सरकार की समान लाभ वाली योजना का लाभार्थी नहीं होना चाहिए। सहायक आयुक्त उद्योग बृजेश कुमार यादव ने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र में संपर्क कर सकते हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!