जिले में 25 से 27 अप्रैल तक होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा
एसीएफ (फूड), एसपी क्राइम एवं एडीएम सिटी ने की खाद्य व्यवसायियों के साथ बैठक

अलीगढ़ : जिले में 25 से 27 अप्रैल तक होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। इस परीक्षा में बाहरी जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन की संभावना है। अनुमानतः लगभग 75,000 अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावकों इन तिथियों के दौरान शहर में उपस्थित रहेंगे।परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन के लिए एसीएफ (फूड) डॉ. दीनानाथ यादव, एसपी क्राइम सुश्री ममता कुरील एवं एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव द्वारा खाद्य व्यवसाय संचालकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।खाद्य व्यवसायीयों संचालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग न की जाए, निर्धारित दरों पर ही खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध हो सके।इसके अतिरिक्त, सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं, अनावश्यक घबराहट उत्पन्न न करें तथा किसी प्रकार का विवाद या हंगामा न करें। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया, ताकि अलीगढ़ के नागरिकों की सकारात्मक छवि अभ्यर्थियों के समक्ष प्रस्तुत हो और शहर की एक उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय व्यवस्था की दीर्घकालिक छाप स्थापित हो सके। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर स्वयं समाधान करने के स्थान पर निकटतम पुलिस थाना अथवा खाद्य सुरक्षा अधिकारी से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान पुलिस एवं संबंधित अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करेंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहेंगे।



