अलीगढ़

बढौली फतेह खाँ में पेयजल योजना अंतिम चरण में, जल्द मिलेगा नियमित जल

90% से अधिक कार्य पूर्ण, आंशिक जलापूर्ति शुरू : सितम्बर तक लक्ष्य

अलीगढ़  : अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) लोकेश शर्मा ने ग्राम बढौली फतेह खाँ में पेयजल संकट के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में है और अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।उन्होंने बताया कि ग्राम में प्रस्तावित 01 नलकूप, 01 पम्प हाउस, 01 बाउंड्रीवाल, 300 किलोलीटर क्षमता का शिरोपरि जलाशय, 12070 मीटर वितरण प्रणाली एवं 760 गृह जल संयोजन के सापेक्ष नलकूप, पम्प हाउस व बाउंड्रीवाल का कार्य पूर्ण हो चुका है। शिरोपरि जलाशय का निर्माण लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण है, जबकि 10828 मीटर वितरण पाइपलाइन और 690 गृह संयोजन पूरे किए जा चुके हैं। वर्तमान में सीधे पम्पिंग के माध्यम से आंशिक जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। शेष कार्य सितम्बर 2026 तक पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले के कुल 1124 राजस्व ग्रामों में से 1070 ग्रामों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत आच्छादित किया गया है। इनमें से 143 ग्रामों में योजनाएं पूर्ण कर संचालन एवं रखरखाव में सम्मिलित की जा चुकी हैं, जबकि 554 ग्रामों में आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। 90 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाली योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता लोकेश शर्मा ने कहा कि पेयजल से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु नागरिक ‘जल सारथी’ एप अथवा टोल फ्री नंबर 1800-1212-164 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!