अलीगढ़

अतरौली टीकाकरण प्रकरण में सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ, स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता से स्थिति हुई नियंत्रित

घर-घर फॉलोअप और वीडियो कॉल से पुष्टि, किसी बच्चे को अब कोई परेशानी नहीं, वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित

अलीगढ़ : अतरौली क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में टीकाकरण के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि अब सभी बच्चे पूर्णतया स्वस्थ हैं और किसी प्रकार की कोई गंभीर समस्या नहीं है।
उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को शासन के निर्देशानुसार टीडी एवं डीपीटी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कक्षा 1, 4 और 5 के बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया था। टीकाकरण के कुछ समय बाद एक बच्ची के अचानक घबराने से माहौल प्रभावित हुआ, जिसके बाद कुछ अन्य बच्चों ने सिर दर्द व घबराहट की शिकायत की। एहतियातन सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अतरौली में भर्ती कर तत्काल उपचार दिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चे शीघ्र ही स्वस्थ हो गए और सायंकाल अभिभावकों की सहमति से घर भेज दिए गए।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतत निगरानी बनाए रखी। 1 मई को ग्राम कुंवरपुर की एएनएम प्रीति सिंह एवं संबंधित आशा कार्यकर्ता द्वारा सभी बच्चों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही, उच्च स्तर से भी वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति की पुष्टि की गई। फॉलोअप में पाया गया कि सभी बच्चे पूर्णतः स्वस्थ हैं और किसी भी बच्चे को अब कोई परेशानी नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया, जिस पर परिजनों ने विभाग की त्वरित कार्यवाही और देखभाल पर संतोष व्यक्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसी बैच से पूर्व में हजारों बच्चों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है, कहीं से भी किसी प्रतिकूल प्रभाव की सूचना नहीं है।
विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति सामान्य “इम्यूनाइजेशन स्ट्रेस रिस्पॉन्स” के कारण उत्पन्न हुई, जिसमें घबराहट के चलते अस्थायी लक्षण दिखाई देते हैं, जो उपचार व परामर्श से स्वतः समाप्त हो जाते हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि टीकाकरण सुरक्षित और आवश्यक है। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सरकारी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!