अलीगढ़

फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने को डीएम सख्त

चिंहित 208 ग्राम पंचायतों में विशेष सघन अभियान शुरू

अलीगढ़ : जिले में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में लगातार निर्देशों के बावजूद विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के समेकित प्रयास न होने से अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही थी, जिसे देखते हुए अब व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक अवशेष डाटा वाली 208 ग्राम पंचायतों में विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद शेष ग्राम पंचायतों में भी दो चरणों में अभियान संचालित कर सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाएगी। जिन किसानों की रजिस्ट्री किसी कारणवश नहीं हो पा रही है, उनके कारणों को भी श्रेणीबद्ध किया जा रहा है।जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5 सदस्यीय टीम अनिवार्य रूप से तैनात की गई है। टीम का नेतृत्व संबंधित लेखपाल द्वारा किया जा रहा है। उनके साथ पंचायत सचिव अथवा पंचायत सहायक, ग्राम प्रधान, कोटेदार और सहज जन सेवा केंद्र संचालक की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला समन्वयक सहज जन सेवा केंद्र को इन कर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम प्रधान, कोटेदार एवं सहायक विकास अधिकारी द्वारा लगातार मुनादी कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान पंचायत भवन पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा सकें। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए अवशेष डाटा के आधार पर 1 से 4 ग्राम पंचायतों पर नोडल अधिकारी और 8 से 10 ग्राम पंचायतों पर सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करेंगे और शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएंगे।
लेखपालों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने आवंटित गांवों की स्थिति गूगल शीट पर अपडेट करें और जिन मामलों में किसान मृतक या अपात्र पाए जाते हैं, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराया जाए।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुपस्थिति या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर अपने ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!