अलीगढ़

ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: खादी ग्रामोद्योग बोर्ड निःशुल्क देगा पॉपकार्न व दोना मेकिंग मशीनें

अलीगढ़ के ग्रामीण कारीगर 25 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

अलीगढ़  ग्रामीण क्षेत्र के पारंपरिक कारीगरों एवं स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के पात्र अभ्यर्थियों को पॉपकार्न मेकिंग मशीन एवं दोना मेकिंग मशीन निःशुल्क वितरित किए जाने की योजना प्रारंभ की गई है।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि पॉपकार्न निर्माण कार्य से जुड़े भुर्जी समाज के पारंपरिक कारीगरों के साथ-साथ इस उद्योग में स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं दोना मेकिंग मशीन के लिए भी ऐसे कारीगर पात्र होंगे जो इस कार्य में परंपरागत रूप से जुड़े हैं अथवा स्वयं का रोजगार शुरू करना चाहते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का जिले के ग्रामीण क्षेत्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक की आयु 18 वर्ष से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने आवश्यक अभिलेखों में राशन कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र तैयार रखते हुए उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट⁠ के ऑनलाइन सेवाओं अनुभाग में जाकर “टूलकिट्स आवंटन हेतु ऑनलाइन पंजीकरण” के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जिसके उपरांत मशीनों के निःशुल्क वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मकान संख्या 5/69-एच-80-4, त्रिमूर्ति नगर (पुलिस गैस गोदाम के पास), बरौला बाईपास, अलीगढ़ में संपर्क कर सकते हैं। साथ ही दूरभाष संख्या 7408410755 एवं 9808146965 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!