स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सतर्क, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
जिले में 956 स्कूल वाहन निगरानी में, ओवरलोडिंग व फिटनेस खामियों पर कार्रवाई जारी

अलीगढ़ : जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग लगातार सघन अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की निगरानी कर रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन प्रवेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिले के विद्यालयों एवं स्कूली वाहनों को ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली से जोड़ा गया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि यूपी-आईएसवीएमपी पोर्टल पर जिले के कुल 4882 स्कूलों के सापेक्ष 4832 स्कूलों को ऑनबोर्ड किया जा चुका है। इनमें 258 विद्यालयों में वाहन संचालित हो रहे हैं, जिनमें 70 शहरी एवं 188 ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों द्वारा कुल 956 स्कूली वाहनों को पोर्टल पर पंजीकृत कराया गया है। इनमें 904 वाहनों के परमिट वैध हैं, जबकि 887 वाहनों की फिटनेस वैध पाई गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों से वाहन संचालन की स्थिति स्पष्ट करने के लिए शपथ पत्र भी लिए जा रहे हैं। अब तक 4687 शपथ पत्र पोर्टल पर अपलोड कराए जा चुके हैं, जबकि शेष विद्यालयों से शपथ पत्र अपलोड कराने की प्रक्रिया जारी है।स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए प्रवर्तन दलों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान 21 वाहनों के खिलाफ चालान एवं निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई है। तकनीकी निरीक्षण में खामियां पाए जाने पर वाहन संख्या UP81BT-9898, UP81BT-4577, UP15ET-3470 , UP14ET-4309 की फिटनेस समाप्त करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक मानक पूर्ण कर पुनः निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, परमिट समाप्त पाए गए 52 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों का चालान किया गया है और 13 वाहनों को निरुद्ध किया गया है। एआरटीओ प्रशासन ने दोहराया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



