कलेक्ट्रेट परिसर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन किया गया
प्रदर्शनकारियों ने विरोध दर्ज कराने के लिए परिसर में ही चूल्हा जलाकर चाय बनाई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया

कलेक्ट्रेट परिसर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विरोध दर्ज कराने के लिए परिसर में ही चूल्हा जलाकर चाय बनाई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।इस प्रदर्शन का नेतृत्व कमला देवी ने किया। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम घरेलू जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। रसोई गैस के दाम इतने बढ़ गए हैं कि गरीब और मध्यम वर्ग के लिए खाना बनाना मुश्किल हो गया है कमला देवी ने आगे कहा कि बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और आवश्यक सामान खरीदना पहले ही मुश्किल है, ऐसे में गैस और बिजली की बढ़ती लागत ने हालात और खराब कर दिए हैं। इसी कारण उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हा जलाकर अपना विरोध जताया। उन्होंने अधिकारियों को भी चाय पिलाकर जमीनी स्तर पर लोगों की परेशानियों को समझने का संदेश दिया।
प्रदर्शन में मौजूद मोहम्मद हामिद ने बताया कि यह विरोध पूरे देश के कई जिलों में चल रहे “चूल्हा जलाओ आंदोलन” का हिस्सा है। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-गैस के दाम और आर्थिक दबाव ने आम लोगों की जिंदगी को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियों के कारण आम वर्ग पर बोझ बढ़ रहा है।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल चर्चा और नारेबाजी से गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि गैस, पेट्रोल और आवश्यक वस्तुओं के दामों में तुरंत राहत दी जाए, ताकि आम जनता को महंगाई से राहत मिल सके।



