अलीगढ़

जनता दर्शन में पहुंचे प्रतियोगी छात्र, डीएम ने लिया टेस्ट और दी सफलता की सीख

मेहनत ही सफलता की कुंजी”: डीएम ने छात्रों के ज्ञान को परखा

अलीगढ़ 21 मई 2026 (सू0वि0): गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत मुकुंदपुर में संचालित आईएएस एवं पीसीएस पूर्व परीक्षा कोचिंग संस्थान के छात्र जिलाधिकारी अविनाश कुमार से मिले और विद्युत कटौती की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने बताया कि लगातार बिजली बाधित होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों के जाने के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक को तलब करते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने छात्रों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल संबंधित विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोचिंग संस्थान एवं छात्रावास क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दर्शन के दौरान ही जिलाधिकारी ने छात्रों से संवाद करते हुए अचानक उनका टेस्ट लेना शुरू कर दिया। उन्होंने सामान्य अध्ययन एवं समसामयिक विषयों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, लेकिन अधिकांश छात्र संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आईएएस और पीसीएस जैसी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए अनुशासन, धैर्य और कठोर परिश्रम जरूरी है।उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य बड़ा है तो मेहनत भी उसी स्तर की करनी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए कम से कम 18 घंटे तक गंभीरतापूर्वक अध्ययन की आदत विकसित करें। समय का सदुपयोग करें, नियमित अभ्यास करें और आत्मविश्वास बनाए रखें। कठिन परिस्थितियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं। डीएम ने छात्रों को मोबाइल और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर पूरी एकाग्रता के साथ तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी छात्र केवल नौकरी के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयारी करते हैं, इसलिए उनमें ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व और अनुशासन का विकास भी आवश्यक है। छात्रों ने जिलाधिकारी के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके सुझाव और आशीर्वचन से उन्हें नई ऊर्जा मिली है और अब वे और अधिक गंभीरता के साथ तैयारी करेंगे। छात्रों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में जिलाधिकारी द्वारा पूछे गए प्रश्नों का बेहतर उत्तर देने का प्रयास करेंगे।अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रों से मिलकर अच्छा लगा, लेकिन यह भी महसूस हुआ कि कोचिंग संस्थान में और बेहतर शैक्षणिक तैयारी की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट, पुस्तकालय, पेयजल, पंखे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिल सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!