अलीगढ़

असम विमान दुर्घटना में अलीगढ़ का लाल शहीद, पूरे जनपद में शोक की लहर

शहीद जितेन्द्र शर्मा का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही टूटा लोगों का सब्र, सालपुर में गूंजे अमर शहीद के नारे

अलीगढ़ : भारतीय वायुसेना के AN-32 परिवहन विमान की असम में हुई दुःखद दुर्घटना में जनपद अलीगढ़ के जवान सार्जेंट जितेंद्र शर्मा के शहीद होने की सूचना से पूरे जनपद में शोक की लहर व्याप्त है। ग्राम सालपुर, थाना टप्पल निवासी सार्जेंट जितेंद्र शर्मा ने राष्ट्र सेवा के सर्वाेच्च आदर्श का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को प्रातः भारतीय वायुसेना का  AN-32 परिवहन विमान असम के जोरहाट से चबुआ के लिए उड़ान भरने के बाद लैंडिंग के प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल छह सैन्यकर्मी सवार थे, जिनमें तीन एयरक्रू अधिकारी एवं तीन अन्य रैंक के जवान शामिल थे। इस दुर्घटना में सार्जेंट जितेंद्र शर्मा के शहीद होने की पुष्टि हुई है।शहीद सार्जेंट जितेंद्र शर्मा का पार्थिव शरीर सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक ग्राम सालपुर लाया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार असम के जोरहाट में श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के उपरांत पार्थिव शरीर वायुसेना के विशेष विमान से हिंडन एयरबेस लाया गया, जहां सैन्य अधिकारियों द्वारा अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को अलीगढ़ लाया गया। जहां जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि शहीद के परिजनों को देय समस्त सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान करेगा। जिलाधिकारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सार्जेंट जितेंद्र शर्मा का बलिदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा। मातृभूमि की रक्षा करते हुए दिया गया उनका सर्वाेच्च बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। जनपद अलीगढ़ अपने वीर सपूत को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करता है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

असम में हुई दुःखद दुर्घटना के बाद जवान सार्जेंट जितेंद्र शर्मा का पार्थिव शरीर सोमवार को टप्पल थाना क्षेत्र के ग्राम सालपुर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। तिरंगे में लिपटा शहीद का पार्थिव शरीर जैसे ही घर के द्वार पर पहुंचा तो सभी परिजनों सहित समूचे गाँव का सब्र टूट गया। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सेना के जवानों द्वारा पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर लाए जाने के दौरान महिलाओं का विलाप और परिजनों का दुःख हृदय विदारक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। गॉव की हर गली में सन्नाटा और शहीद के घर के आस-पास की छतों पर उमड़ते हुजूम के हर चेहरे पर गहरा शोक व्याप्त रहा। ग्रामीणों ने बताया कि शहीद जितेन्द्र बचपन से ही देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत थे। सेना में भर्ती होने के बाद वे युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहते थे। शहीद जितेन्द्र शर्मा को भारत सरकार की मंशा के अनुरूप पूर्ण राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद जितेन्द्र अमर रहें” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि शहीद जितेन्द्र भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शहादत सालपुर गांव और पूरे देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
स्थानीय मा0 विधायक एवं राजस्व राज्यमंत्री श्री सुरेन्द्र दिलेर, मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, मा0 ब्लॉक प्रमुख खैर श्री दिवाकर गौड़ श्री हरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल सिंह, जिला महामंत्री श्री शिव नारायण शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीद जितेन्द्र शर्मा ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया है। उनकी वीरता और राष्ट्रप्रेम सदैव याद रखा जाएगा। पूरा प्रदेश शहीद परिवार के साथ खड़ा है। सरकार की ओर से परिजनों को हर संभव सहायता और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। शहीद की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन, उप जिलाधिकारी शिशिर सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने शहीद को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और तिरंगा परिजनों को सौंपा गया। भारतीय सेना के जवानों द्वारा शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पुलिस प्रशासनिक एवं सेना के अधिकारियों ने राष्ट्रध्वज में लिपटे शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तीन राउंड हवाई फायर कर शहीद को अंतिम सलामी दी गई। शहीद जितेन्द्र शर्मा के परिजन ने मुखाग्नि दी। सभी ने शहीद की वीरता और बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!