अलीगढ़

योग स्वस्थ जीवन का आधार, इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधि व अधिकारी हुए शामिल

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह

प्रदेश के 32 हजार परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं योग अभियान से जुड़े, बच्चों की शारीरिक व मानसिक क्षमता बढ़ाने में सहायक है योग‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर हुआ आयोजन, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग को बताया अनिवार्य
अलीगढ़ 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ‘‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’’ थीम के अंतर्गत अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर मा0 बेसिक शिक्षा मंत्री श्री संदीप सिंह ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो हमें स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि योग की परंपरा ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही है और आज यह पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले, प्रत्येक विभाग और प्रत्येक संस्थान में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और इसे जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 32 हजार परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भी योगाभ्यास कार्यक्रमों से जोड़ा गया है।

 

श्री सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है। बच्चों में योग से एकाग्रता, सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। युवाओं को यह ऊर्जा, शक्ति और सकारात्मक सोच प्रदान करता है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग नई स्फूर्ति और बेहतर स्वास्थ्य का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा तो राष्ट्र भी अधिक सशक्त और विकसित बनेगा। योग के माध्यम से हम स्वयं को स्वस्थ रखते हुए विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि योग किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उम्र का व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुरूप योगाभ्यास कर सकता है। विभिन्न योग क्रियाओं के अलग-अलग लाभ हैं, जो जीवन को अधिक संतुलित और सकारात्मक बनाते हैं। उन्होंने पतंजलि संस्थान के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उसके प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ भी नियमित योगाभ्यास एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर रह सकता है। योग शारीरिक एवं मानसिक संतुलन स्थापित कर जीवन को अधिक सरल, सुखद और ऊर्जावान बनाता है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा0 नरेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व मा0 मंत्री जी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आरोग्य के देवता धनवन्तरी जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र सिंह, प्रो. तारिक मंसूर, मा0 विधायक कोल श्री अनिल पराशर, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल सिंह, ठाकुर श्योराज सिंह, मेयर श्री प्रशांत सिंघल, ई. राजीव शर्मा, श्री शिवनारायण शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार कुरील, डीडीओ आलोक आर्य, डीआईओएस पूरन सिंह, सीवीओ डॉ0 दिवाकर त्रिपाठी, डीपीआरओ यतेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पतंजलि योगपीठ से रविकर आर्य एवं उनकी टीम ने योगाभ्यास का संचालन कराया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!