अलीगढ़

हैंड्स फॉर हैल्प सामाजिक संस्था ने 14 वर्षीय रोगी फैज़ को दिलाया समय पर रक्त,

असहाय पिता की बनी उम्मीद

अलीगढ़,मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए हैंड्स फॉर हैल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए 14 वर्षीय रोगी फैज़ के लिए देर रात्रि में तत्काल रक्त की व्यवस्था कर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
दिनांक 29 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे संस्था के हेल्पलाइन नंबर पर रामपुर निवासी साकिर का फोन प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि उनका 14 वर्षीय पुत्र फैज़ उपचार हेतु जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में भर्ती है। पिछले दो दिनों से वे रक्त की व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन परिवार पहले ही रक्तदान कर चुका था और अलीगढ़ में उनका कोई रिश्तेदार या परिचित भी नहीं था। अनजान शहर में अपने गंभीर रूप से बीमार बेटे के इलाज को लेकर पूरा परिवार अत्यंत चिंतित और परेशान था। किसी सज्जन व्यक्ति ने उन्हें हैंड्स फॉर हैल्प सामाजिक संस्था का हेल्पलाइन नंबर देते हुए भरोसा दिलाया कि संस्था उनकी हर संभव सहायता करेगी। सूचना मिलते ही संस्था की टीम तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंची। मौके पर बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना किसी विलंब के रक्त की व्यवस्था कराई गई, जिससे समय पर मरीज को रक्त उपलब्ध हो सका। रक्त मिलने के बाद पिता साकिर के चेहरे पर चिंता की जगह राहत और खुशी दिखाई दी। भावुक होकर उन्होंने संस्था एवं रक्तदाता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली यह सहायता उनके परिवार के लिए किसी जीवनदान से कम नहीं है। इस मानवीय सेवा कार्य में संस्था के सक्रिय सदस्य रामू रावत एवं संस्थाध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। हैंड्स फॉर हैल्प सामाजिक संस्था ने कहा कि संस्था का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाना है और भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ मानवता की सेवा निरंतर जारी रहेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!