मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 20 नवंबर को एक दूजे के होंगे 280 जोड़े
माधव फार्म हाउस में होगा आयोजन, सभी जनप्रतिनिधियों को किया गया आमंत्रित

अलीगढ़ : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 20 नवंबर को आगरा रोड स्थित गंगा सेलिब्रेशन के माधव फार्म हाउस, खैर रोड पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस समारोह में करीब 280 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक ने बताया कि समारोह में जिले के सभी मा0 जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। सरकार की ओर से योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर करीब एक लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाती है। इस योजना से गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक संबल मिलने के साथ ही सामाजिक समरसता और समानता को भी बढ़ावा मिल रहा है।



