विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को तेज़ी, बाउंड्री वॉल व मरम्मत कार्य का प्रस्ताव शासन को प्रेषित
पेयजल, वृक्षारोपण, खेलकूद और अध्ययन की समुचित व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा के लिए भी किए जा रहे सुधार

अलीगढ़ जिला विद्यालय निरीक्षक पूरन सिंह ने बताया कि जिले के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संबंधित विद्यालय में भवन मरम्मत, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चरणबद्ध ढंग से सुदृढ़ किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर मुख्य सड़क से नीचा होने और बाउंड्री वॉल के क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है इसके स्थायी समाधान के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत नई बाउंड्री वॉल निर्माण का प्रस्ताव पूर्व में ही शासन को भेजा जा चुका है। भवन के आवश्यक मरम्मत कार्यों का प्रस्ताव भी इसी योजना के तहत प्रेषित किया गया है और पुट्टी की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मिशन लाइफ के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं, अंकपत्र वितरण एवं पौधरोपण अभियान जैसे प्रशासनिक कार्यों के दौरान भी विद्यार्थियों के लिए व्यायाम शिक्षक द्वारा खेलकूद की व्यवस्था सुनिश्चित की गई और जिन छात्रों ने कक्षा का छूटा हुआ कार्य पूरा करने की इच्छा व्यक्त की, उन्हें कक्षाओं में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। नियमित अध्यापन कार्य भी संचालित होता रहाउन्होंने बताया कि विद्यालय की सभी कक्षाओं में वाटर कैंपर के माध्यम से शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है साथ ही विद्यालय में स्वीकृत 14 पदों के सापेक्ष वर्तमान में केवल चार कर्मचारी कार्यरत होने के बावजूद व्यवस्थाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है।पूरन सिंह ने कहा कि बंदरों द्वारा विद्युत एवं सीसीटीवी कैमरों के तारों को क्षति पहुंचाने की समस्या के समाधान के लिए कई तार भमिगत कराए जा चुके हैं तथा शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है और आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।



