मा0 सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
अन्त्योदय के लक्ष्य को साकार करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुॅचाएं अधिकारी

–सतीश कुमार गौतम, मा0 सासंदअलीगढ़ मा0 सांसद श्री सतीश कुमार गौतम की अध्यक्षता में बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आहुत की गई। मा0 सांसद ने कहा कि यहां उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों का एक ही लक्ष्य है कि अन्त्योदय के लक्ष्य को साकार करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुॅचें। उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम समेत अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ बेहतर ढंग से कार्य कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग व सुझाव शामिल होते हैं तो योजनाएं धरातल पर पारदर्शी तरीके से मूर्त रूप लेती हैं। अधिशासी अभियंता नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति द्वारा बैठक में प्रतिभाग न करने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गये।समीक्षा के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार सुभाष नेमा ने बताया कि वीबी जीरामजी 02 जुलाई से जिले में संचालित कर 402 ग्राम पंचातों में पौधरोपण एवं अन्य कार्य कराए गये हैं। योजना में पारदर्शिता के लिए ई-केवाईसी के माध्यम से पंजीकरण किए जा रहे हैं और मोबाइल एप से हाजिरी को प्राविधान किया गया है। रोजगार की गारंटी 100 से बढ़ाकर 125 दिन और दैनिक मजदूरी 252 से बढ़ाकर 300 रूपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। मा0 सांसद द्वारा अब तक संचालित मनरेगा योजनान्तर्गत लंबित भुगतान की जानकारी पर बताया गया कि शासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से धनराशि आवंटित की जा रही है उसी के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। डीसी एनआरएलएम मंजू त्रिवेदी ने बताया कि वार्षिक लक्ष्य 16722 नये समूहों के गठन के सापेक्ष अब तक 2721 समूह गठित कर 59023 महिलाओं को शामिल किया गया है जिससे अब जिले में 19733 समूहों में 237389 महिलाएं योजित हैं। जीरो पॉवर्टी योजना में चिन्हित सभी 16622 महिलाओं को समूहों से जोड़ा गया है। जिले में अब तक 71080 लखपति दीदी बनाई गई हैं। कौशल विकास योजना में बताया गया कि 350 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है अभी मूल्यांकन होना शेष है। अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई ने बताया कि वर्तमान में कोई भी नया कार्य प्राप्त नहीं हुआ है। मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी ने कहा कि सड़कों एवं भवनों के कार्योपरान्त जनप्रतिनिधियों की शिलापट्टिका के साथ ही उनका लोकार्पण भी कराया जाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से नये प्रस्ताव लेने की भी बात कही।सामाजिक पेंशन की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन के 75668 लाभार्थियों को पेंशनयोजना का लाभ दिलाए जाने के साथ ही 16058 नवीन पेंशन भी स्वीकृत की गई हैं। इसी प्रकार से 72275 को निराश्रित महिला पेंशन दी जा रही है और 7598 नवीन पेंशन स्वीकृत की गई हैं। जिले में 20433 दिव्यागों को पेंशन दी जा रही है और 226 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। बैठक में मा0 अध्यक्ष श्री गौतम द्वारा सचिव एवं बीडीओ को निर्देशित किया गया कि मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत होने की सूचना संबंधित विभाग को अनिवार्य रूप से जल्द से जल्द दी जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 7989 लाभार्थी आवास के लिए पात्र पाए गये हैं। उप निदेशक कृषि ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 5100 नमूने संग्रहित किए गये हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में खरीफ में 3603 कृषकों को 1.79 करोड़ और रबी की फसल में 540 कृषकों को 2.30 करोड़ की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 291501 किसानों को 1457.34 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की गई है। मा0 सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पानी की बचत के साथ ही बेहतर उपज भी प्राप्त होती है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करने के निर्देश दिये। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत डीपीआरओ ने बताया कि वर्तमान में 140 ग्राम पंचायतों में कूड़ा सेग्रीकेशन का कार्य हो रहा है।स्मार्ट सिटी योजना की समीक्षा में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि कुछेक कार्य जो प्रगति पर हैं जल्द पूर्ण कर लिए जाएगे। मा0 सांसद ने सूतमिल से नादा पुल पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिये। नगर आयुक्त ने बताया कि सूतमिल से भाकरी मार्ग पर रमाडा के सामने होने वाले जलभराव का नाला निर्माण कराकर स्थायी समाधान कर दिया गया है। पीएम स्वनिधि योजना में पीओ डूडा ने बताया कि अब योजना के ऋण स्लैब में बदलाव किया गया है। अब लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में 10 के स्थान पर 15 हजार और द्वितीय किश्त के रूप में 20 के स्थान पर 25 हजार रूपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। योजना में अब तक प्रथम किश्त के 43334 लाभार्थियों को 44.63 करोड़, द्वितीय किश्त के 21617 लाभार्थियों को 44.49 करोड़ एवं तृतीय किश्त के 4828 लाभार्थियों को 24.14 करोड़ का ऋण दिया गया है। जल जीवन मिशन ग्रामीण में 132 परियोजनाएं पूर्ण कर 181 राजस्व ग्रामों को आच्छादित किया जा चुका है। इसके साथ ही 363 परियोजनाओं से आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। जिले में इस प्रकार से 428359 के सापेक्ष 420391 गृह जल संयोजन प्रदान किए जा चुके हैं। सीवीओ ने बताया कि 22 जुलाई से एफएमडी टीकाकरण की शुरूआत की जाएगी। बैठक में बाल विकास, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, खाद्य सुरक्षा, एनएचएआई, उद्योग, मत्स्य, परिवहन समेत अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई।बैठक में मा0 सांसद हाथरस श्री अनूप प्रधान, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंघल, मा0 विधायक शहर श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर, डा0 मानवन्द्र प्रताप सिंह, जिला महामंत्री श्री शिवनारायण शर्मा, सभी ब्लॉक प्रमुख, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, सीडीओ योगेन्द्र कुमार, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, पीडी राजेश कुमार कुरील, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह समेत सभी बीडीओ एवं जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी मा0 जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गये सुझावों एवं निर्णयों को अधिकारियों के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।



