अलीगढ़: जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन,
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

अलीगढ़ में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अर्धनग्न होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और नैतिक आधार पर उसे बर्खास्त किया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों के बावजूद शिक्षा मंत्री से अब तक इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे छात्रों और युवाओं में भारी नाराजगी है।कांग्रेस ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई कराने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जिला मुख्यालय पर पुलिस बल तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



