ओडीओसी कार्यशाला में उद्यमियों को स्मार्ट पैकेजिंग व ब्रांडिंग के गुर सिखाए गए
डेयरी, चमचम और कचौड़ी को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर

अलीगढ़: एक जनपद एक व्यंजन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चयनित व्यंजन डेयरी उत्पाद, चमचम एवं कचौड़ी को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी गुणवत्ता, शेल्फ लाइफ और आकर्षक पैकेजिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को होटल क्लासी इन, जीटी रोड पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन भारतीय पैकेजिंग संस्थान, लखनऊ के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने कहा कि ओडीओसी योजना का उद्देश्य जनपद के पारंपरिक व्यंजनों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना है। उन्होंने डेयरी, चमचम एवं कचौड़ी से जुड़े उद्यमियों, व्यापारियों एवं कारीगरों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए विभागीय वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने उद्यमियों से भारतीय पैकेजिंग संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर पैकेजिंग संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।भारतीय पैकेजिंग संस्थान, लखनऊ से आए विशेषज्ञ डॉ. अंशुमन श्रीवास्तव ने उद्यमियों को डेयरी उत्पाद, चमचम एवं कचौड़ी की शेल्फ लाइफ बढ़ाने, ईको-फ्रेंडली एवं सुरक्षित पैकेजिंग अपनाने तथा स्मार्ट पैकेजिंग, क्यूआर कोड, न्यूट्रिशन लेबलिंग और बारकोड आधारित पैकेजिंग प्रणाली विकसित करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों को अपनाकर स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया जा सकता है।कार्यशाला में उद्यमियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न तकनीकी विषयों पर संवाद कर अपने उत्पादों की पैकेजिंग एवं विपणन से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग बृजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तनमय, रावी, वरदान सहित जनपद के ओडीओसी व्यंजनों से जुड़े अनेक उद्यमी, व्यापारी एवं कारीगर उपस्थित रहे।



