एमएसएमई एवं निर्यातक इकाइयों की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने को क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित
गुरुवार को होटल क्लासी इन में क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया

अलीगढ़ : निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिले की एमएसएमई एवं निर्यातक इकाइयों के विकास, उनकी डिजिटल एवं व्यवसायिक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि और उन्हें वैश्विक बाजार के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को होटल क्लासी इन में क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने की।कार्यशाला में जिले की विभिन्न निर्यातक औद्योगिक एसोसिएशनों, निर्यातक इकाइयों एवं एमएसएमई उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश निर्यात नीति-2025-30 के अंतर्गत संचालित निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं, प्रोत्साहनों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि अधिकाधिक उद्यमी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उत्पादों का निर्यात बढ़ा सकें।कार्यक्रम में आईडियाज टू इम्पैक्ट फाउंडेशन की टीम ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उद्यमियों को बिजनेस टू बिजनेस एवं बिजनेस टू कंज्यूमर व्यापार मॉडल, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की संभावनाओं तथा वैश्विक ऑनलाइन बाजार में व्यवसाय विस्तार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही इच्छुक निर्यातक एवं एमएसएमई इकाइयों का वॉलमार्ट प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण भी कराया गया, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बनाने में सहायता मिल सके।उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक विपणन माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर एमएसएमई इकाइयां अपने उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिला सकती हैं। उन्होंने उद्यमियों से सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यशाला में सहायक आयुक्त उद्योग ब्रजेश कुमार, वॉलमार्ट टीम के रवि कुमार, वरदान सिंह, दिनेश चंद्र वार्ष्णेय अलीगढ़ एक्सपोर्ट एसोसिएशन सहित जनपद के निर्यातकों एवं एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



