अलीगढ़

बिजली व्यवस्था में हो सुधार, 15 नवंबर तक हर हाल में पूरे हों विकास कार्य

कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, विकास योजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बढ़ाने के दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी

अलीगढ़  प्रदेश के मा0 गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास एवं कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे और सभी निर्माण कार्य हर हाल में 15 नवंबर तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड में प्रगति लाने, काबड़ यात्रा मार्ग को गड्डामुक्त करने और प्रयागराज महाकुंभ के समान ही पुलिस कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं से सद्व्यवहार  किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण परिदृश्य भी पूरी तरह से बदल चुका है। विभिन्न प्रकार के विद्युत उपकरणों का चलन बढ़ा है, ऐसे में आवश्यक है कि विद्युत विभाग भी अपनी क्षमता वृद्धि करे। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि वह व्यापक सर्वे कर ट्रांसफार्मर्स की क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव उपलब्ध कराएं ताकि विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण में कमी लाई जा सके।   बैठक में ऊर्जा, कृषि, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, जल जीवन मिशन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पशुपालन, पर्यटन, नमामि गंगे, दुग्ध विकास, श्रम, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही जिले की कानून व्यवस्था एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का भी गहन मूल्यांकन किया गया।चार वर्षों में लगी सोलर स्ट्रीट लाइटों की होगी जांच: मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट योजना के अंतर्गत 125 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है और जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद स्थापना कराई जाएगी। बाबू कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना में भी निर्धारित लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम निर्माण को प्राथमिकता देने और खराब पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए  जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पिछले चार वर्षों में स्थापित सभी सोलर स्ट्रीट लाइटों की चेकलिस्ट तैयार कराकर उनकी भौतिक जांच कराई जाए।बिजली व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश:विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर में 23 घंटे से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे से अधिक विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जबकि कृषि नलकूपों के लिए निर्धारित अवधि के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी एवं विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन में अनावश्यक विलंब न हो और गरीब उपभोक्ताओं के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विद्युत अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की अलग बैठक आयोजित कर समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के भी निर्देश दिए।54 हजार से अधिक नए किसान सम्मान निधि लाभार्थी जुड़े: बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 54,196 नए किसानों को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5,418 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 7,900 पात्र लाभार्थियों की स्थायी सूची तैयार कर ली गई है। लक्ष्य प्राप्त होते ही उन्हें आवास आवंटित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

138 गांवों में पूरा हुआ जल जीवन मिशन का कार्य:जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि 138 ग्रामों में पेयजल परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि पाइपलाइन कार्यों के साथ-साथ सड़कों के पुनर्निर्माण एवं गुणवत्ता का भी सत्यापन कराया जा रहा है। फैमिली आईडी अभियान में 1.22 लाख परिवारों का लक्ष्य पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

विद्यालयों में फर्नीचर और चारदीवारी पर विशेष जोर:मा0 प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए, कोई भी विद्यार्थी जमीन पर नहीं बैठना चाहिए। चिन्हित 43 विद्यालयों में प्रस्तावित चारदीवारी का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने वृहद पौधरोपण अभियान को गति देने और निराश्रित गोवंशों के संरक्षण की व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए। सीडीओ ने बताया कि जिले में वर्तमान में 32,761 गोवंश संरक्षित हैं और एफएमडी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

27 हजार से अधिक बेटियों को मिला कन्या सुमंगला योजना का लाभ:महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 27,663 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिया जा चुका है समाज कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभागों को निर्देश दिए गए कि नए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।

68 रजवाहों तक पहुंचा टेल का पानी:सिंचाई विभाग ने बताया कि 68 रजवाहों में टेल फीडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है और सभी रजवाहों की सफाई भी कराई जा चुकी है प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था निरंतर बनी रहे और जलकुंभी हटाने का अभियान लगातार चलाया जाए।

15 नवंबर तक पूरे होंगे सभी सड़क निर्माण कार्य:लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत 13 कार्यों में दो कार्य पूर्ण हो चुके हैं एवं शेष कार्य नवंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य 15 नवंबर तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों की विशेष मरम्मत कराई जाए ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कानून व्यवस्था में आया उल्लेखनीय सुधार:कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 1.47 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर 900 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए गए हैं। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए रिफ्लेक्टर, बैरियर एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। गूगल सर्वे के अनुसार जिले में यातायात जाम की स्थिति में पूर्व की तुलना में 77 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है।

कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और गरिमामय हो:मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा के दौरान अश्लील गीतों एवं अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाई जाए। कांवड़ मार्ग पूरी तरह गड्ढ़ामुक्त रहें, श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार किया जाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाएं उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने, विद्युत व्यवस्था में सुधार, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।बैठक में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 विधायक शहर श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्रपाल सिंह, मा0 एमएलसी प्रो0 तारिक मंसूर,जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, सीडीओ योगेन्द्र कुमार, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, सचिव एडीए राहुल विश्वकर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह, डीएफओ शिवम कुमार, पीडी0 आर0के0 कुरील समेत सभी विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!