गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार के लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित
मानवाधिकार, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महानुभावों को मिलेगा सम्मान

अलीगढ़ : मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं समर्पित कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित ’’गुरु गोविन्द सिंह राष्ट्रीय एकता पुरस्कार’’ के लिए पात्र व्यक्तियों के प्रस्ताव एवं आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित महानुभाव को गुरु गोविन्द सिंह के जन्म दिवस पर राज्य सरकार द्वारा 1 लाख की धनराशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को पत्र जारी करते हुए अपने-अपने क्षेत्र से पात्र व्यक्तियों के प्रस्ताव अथवा आवेदन एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि समयबद्ध रूप से शासन को संस्तुति सहित प्रस्ताव प्रेषित किए जा सकें।
शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पुरस्कार के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे जो भारत के मूल नागरिक हों, उत्तर प्रदेश में सामान्य रूप से निवास करते हों और मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित योगदान दिया हो। साथ ही संबंधित व्यक्ति को पूर्व में इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा यह पुरस्कार प्राप्त न हुआ हो।
अपर जिला अधिकारी नगर ने समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पात्र व्यक्तियों के नामांकन एवं आवेदन निर्धारित प्रारूप में समय से उपलब्ध कराएं, ताकि जिले से योग्य एवं उत्कृष्ट व्यक्तित्वों के प्रस्ताव शासन को भेजे जा सकें। इससे समाज में सेवा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।



