हैंड्स फॉर हेल्प की तत्परता से 2 वर्षीय हृदय रोगी बच्चे को मिला समय पर जीवनदायी सहयोग
शाहजहांपुर जनपद के 2 वर्षीय देव तिवारी की समय पर सहायता कर उसके परिवार को बड़ी राहत प्रदान की

अलीगढ़। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए शाहजहांपुर जनपद के 2 वर्षीय देव तिवारी की समय पर सहायता कर उसके परिवार को बड़ी राहत प्रदान की। जानकारी के अनुसार, जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में देव तिवारी का हृदय का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने बच्चे के लिए तत्काल रक्त एवं प्लेटलेट्स की आवश्यकता बताई। परिवार के सभी सक्षम सदस्य पहले ही रक्तदान कर चुके थे, जिसके कारण वे बेहद चिंतित और असहाय महसूस कर रहे थे। अनजान शहर में मदद की तलाश के बीच उन्होंने हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था की टीम रात्रि में तत्काल जे.एन. मेडिकल कॉलेज पहुँची, स्थिति का जायजा लिया और बिना विलंब किए बच्चे के लिए आवश्यक रक्त एवं प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया। संस्था के प्रयासों से समय रहते आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिससे उपचार सुचारु रूप से जारी रह सका। बच्चे के परिजनों ने संस्था के इस मानवीय सहयोग के लिए भावुक होकर आभार व्यक्त किया तथा कहा कि संकट की इस घड़ी में हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रही। इस सेवा कार्य में डॉ. डी. के. वर्मा, रामू रावत एवं संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



