12 सितम्बर को जिले समेत सभी तहसीलों में लगेगी तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत
वादकारियों के पास अपने वादों का त्वरित निस्तारण का मौका, अवसर का उठाएं लाभ

साक्षी गर्ग, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण
अलीगढ़ जिला न्यायालय परिसर समेत सभी तहसील स्तरीय न्यायालयों में 12 सितम्बर शनिवार को तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव साक्षी गर्ग ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ और जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 12 सितम्बर शनिवार को जिला न्यायालय से लेकर तहसील स्तर तक राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों/विभागों में लम्बित विभिन्न प्रकृति के मामलों जैसे फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एनआईएक्ट, धन वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन वाद, सेवा सम्बन्धित वाद अन्य दीवानी वाद, अन्य प्रकृति के वाद जो न्यायालयों में लम्बित हो के अतिरिक्त पारिवारिक, वैवाहिक विवादों के प्रीलिटिगेशन मामलों तथा प्रीलिटिगेशन स्तर पर विभिन्न विभागों आदि के मामलों का भी निस्तारण आपसी सुलह समझौता के आधार पर किया जाना है।
उन्होंने समस्त वादकारियों से अपील की है कि वह अपने वादों का त्वरित निस्तारण कराने के लिए संबंधित न्यायालय एवं विभाग में संपर्क कर इस अवसर का लाभ उठाएं।



