अलीगढ़: बीमारी से बेटी की मौत को बताया ‘हत्या की साजिश
शिकायत के बाद जांच में बदला पूरा मामला

BREAKING NEWS |अलीगढ़। रोरावर थाना क्षेत्र में आसिया नामक युवती की मौत के मामले में उस समय हड़कंप मच गया, जब उसकी मौत को लेकर हत्या की साजिश और शव से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की गई। शिकायत में लगाए गए आरोपों के बाद मामले को लेकर पुलिस स्तर पर जांच शुरू हुई।जांच के दौरान मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में शिकायतकर्ता की ओर से दिया गया एक शपथपत्र सामने आया है, जिसमें शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया है कि शिकायत में कुछ तथ्य मनगढ़ंत आधार पर प्रस्तुत किए गए थे।वहीं, उपलब्ध जांच संबंधी तथ्यों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसी प्रकार की बाहरी चोट या जख्म का स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद युवती की मौत को हत्या बताकर लगाए गए आरोपों की सत्यता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।मामले में अब शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों, शपथपत्र में किए गए कथित स्वीकारोक्ति तथा शिकायत के आधार की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है। साथ ही यह भी मांग की जा रही है कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर गलत तथ्यों के आधार पर शिकायत कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



