गौशालाएं सुंदर ही नहीं, गोवंश भी स्वस्थ दिखना चाहिए : मंडलायुक्त
गोशालाओं के समीप ग्रामसभा की भूमि को चारागाह से जोड़ने के दिए निर्देश

अलीगढ़ : आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओम प्रकाश आर्य ने शनिवार को अटल आवासीय विद्यालय टमकौली से लगी गौशाला का निरीक्षण कर वहां संरक्षित गोवंश की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर निदेशक पशुपालन हौसला प्रसाद ने बताया कि गौशाला में वर्तमान में 72 गोवंश संरक्षित हैं।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि गौ सेवा केवल व्यवस्था से नहीं, बल्कि लगन और निष्ठा से ही संभव है। जब लोगों ने गाय और गोवंश को घर से निकाल दिया है और हम सभी ने उनकी सेवा-सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाई है, तो इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशाला केवल देखने में अच्छी न हो, बल्कि वहां संरक्षित गोवंश भी स्वस्थ और हष्ट-पुष्ट दिखाई देना चाहिए।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं के आसपास ग्रामसभा की खाली पड़ी भूमि को चारागाह से संबद्ध किया जाए, जिससे गोवंश के लिए पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। सभी गौ आश्रय स्थलों में जलभराव की स्थिति किसी भी दशा में न रहने देने के भी निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने अपर निदेशक पशुपालन को निर्देशित किया कि सभी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित कर गौशालाओं का चिकित्सकों द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूलिंग की धनराशि से गौशालाओं के विकास के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गोवंशों को चारा, पानी और पोषक आहार की कोई कमी न हो। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने गौशाला के निकट पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।निरीक्षण के दौरान एडीएम सौरभ भट्ट, जेडीसी मंशाराम यादव, एडीएम गभाना, बीडीओ सुमन्त यादव तथा पीडी आरके कुरील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



