जन चौपाल में खुली स्वच्छता व्यवस्था की पोल, आयुक्त ने दिए सुधार के निर्देश
ओगर नगला राजू में आयुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, गौशाला, डिजिटल लाइब्रेरी और विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अलीगढ़ : मंडलायुक्त ओमप्रकाश आर्य ने शनिवार को ग्राम पंचायत ओगर नगला राजू में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और गांव में कराए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने वृहद गौ संरक्षण केंद्र, डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत भवन, जल जीवन मिशन ग्रामीण सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
जन चौपाल में ग्रामीणों से गांव की स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेने पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कूड़ा उठाने के लिए कचरा गाड़ी नहीं आती और कूड़ा भी नियमित रूप से नहीं उठाया जाता। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशा प्रत्येक गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की है। कर्मचारी यदि अपनी जिम्मेदारी का ठीक से निर्वहन करें तो शिकायत की स्थिति ही उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने सफाई कर्मचारी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप निदेशक को अभियान चलाकर गांव में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था नए सिरे से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने तालाब की मेड़बंदी और ड्रेनेज व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। गांव में विद्युत आपूर्ति की जानकारी लेने पर बताया गया कि तीन ट्रांसफार्मर क्रियाशील हैं, जबकि दो छोटे ट्रांसफार्मर लगभग एक माह से खराब हैं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।ग्रामीणों से कराई विकास कार्यों की पुष्टि:
मंडलायुक्त ने चौपाल में ग्रामीणों से गांव में कराए गए विकास कार्यों की पुष्टि कराई। ग्राम में 42 हैंडपंप सभी क्रियाशील बताए गए।विद्यालय में दो शिक्षक एवं तीन शिक्षामित्र द्वारा अध्यापन कार्य किया जाना बताया गया। उन्होंने निपुण कार्यक्रम की प्रगति की भी जानकारी ली। लाभार्थीपरक योजनाओं के संबंध में पात्र परिवारों के मुखिया का नाम पुकारकर योजनाओं का लाभ मिलने की पुष्टि कराई गई। गांव में 27 महिलाओं को निराश्रित पेंशन, 55 लाभार्थियों को किसान पेंशन तथा 16 अंत्योदय लाभार्थियों को नियमित राशन मिलने की जानकारी दी गई। ग्राम में 21 स्वयं सहायता समूहों के संचालन की भी जानकारी मिली।
गौशाला में 546 गोवंश संरक्षित:
मंडलायुक्त ने वृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्र में 546 गोवंश संरक्षित पाए गए और सभी गोवंश टैग किए हुए मिले। गौशाला में 12 कार्मिक तैनात हैं। आयुक्त ने छोटे एवं कमजोर गोवंशों को स्वस्थ एवं बड़े गोवंशों से अलग रखने तथा उनकी विशेष देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।गौशाला के समीप खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने वहां मत्स्य पालन के लिए तालाब विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे मत्स्य पालन के साथ गौशाला में जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने ग्राम प्रधान से इस कार्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने को कहा। खाली भूमि पर नेपियर घास लगाए जाने के भी निर्देश दिए, जिससे गोवंश के लिए हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों से किया संवाद:
मंडलायुक्त ने डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों की सुविधा और बेहतर अध्ययन के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की है। विद्यार्थी इसका अधिक से अधिक उपयोग करें और मन लगाकर अध्ययन कर अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को विद्यार्थियों के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने पंचायत भवन एवं जल जीवन मिशन ग्रामीण समेत अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।



