अलीगढ़

निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता परखी, शिकायतकर्ताओं से फोन पर लिया फीडबैक

आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओमप्रकाश आर्य ने शनिवार को तहसील गभाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस

-आयुक्त,  ओमप्रकाश आर्य

अलीगढ़ : आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ ओमप्रकाश आर्य ने शनिवार को तहसील गभाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जनशिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने विभिन्न फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
मंडलायुक्त ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के संबंध में तैयार रजिस्टर का अवलोकन किया। निस्तारित शिकायतों की वास्तविक स्थिति एवं गुणवत्ता जानने के लिए उन्होंने शिकायतकर्ताओं द्वारा दर्ज कराए गए मोबाइल नंबरों पर स्वयं फोन कर फीडबैक लिया। इस दौरान ग्राम बसई के गौरी सिंह, ग्राम दरगवां के छतरपाल सिंह सहित तीन अन्य शिकायतकर्ताओं से संवाद कर निस्तारण के संबंध में जानकारी ली गई। शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान होने की बात कही।
आयुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न न्यायालयों द्वारा पारित निर्णयों का धरातल पर अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों के निस्तारण में संबंधित नियमों एवं अभिलेखों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन, भूमि विवाद, भूमि की पैमाइश, चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने, कुर्रा की नपत, खाद के गड्ढों को कब्जामुक्त कराने, अंश निर्धारण, पशु सेवा केंद्र पर पशु चिकित्सक की तैनाती और घरेलू विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं।
मंडलायुक्त ने संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, हल्का राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं थानाध्यक्ष को मौके पर बुलाकर राजस्व नियमों के अनुरूप शिकायतों का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज करना नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत उपलब्ध कराना है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!