विकास कार्यों में अलीगढ़ ने लगाई पांच पायदान की छलांग
डीएम की सख्त मॉनिटरिंग का असर, जुलाई की 42वीं रैंक से अगस्त में 37वें स्थान पर पहुंचा जिला

अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार की प्रभावी मॉनिटरिंग और नियमित समीक्षा का परिणाम अब सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में भी दिखाई देने लगा है। अगस्त माह की विकास कार्यों की समीक्षा में अलीगढ़ ने प्रदेश में 37वीं रैंक हासिल की है, जबकि जुलाई में जिला 42वें स्थान पर था। इस तरह एक ही माह में जिले ने पांच पायदान की उल्लेखनीय छलांग लगाई है।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में यह प्रगति सामने आई। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों और जिलाधिकारी की लगातार मॉनिटरिंग से जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास एवं निर्माण कार्यों में गति, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग सुधार के साथ-साथ शासन की योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को समय से लाभ मिलना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा के दौरान पीओ नेडा ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय एवं कल्याण सिंह स्ट्रीट लाइट योजना के तहत स्थापित खराब लाईटों को 02 नोडल एजेंसियों द्वारा एक सप्ताह में ठीक किया जाएगा। डीएम ने मरम्मत कार्य को गुणवत्तापरक ढ़ंग से कराने एवं सतत निगरानी के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने स्पष्ट किया कि कॉलेजों या अधिकारियों की लापरवाही से किसी भी पात्र छात्र की छात्रवृत्ति न रूके सुनिश्चित किया जाए। फसल बीमा योजना में विगत वर्ष से भी कम लाभार्थियों के पंजीकरण पर डीएम ने एलडीएम के प्रति कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए सबसे कम प्रगति वाले 10 बैंक की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना में 4000 से अधिक भुगतान लंबित रहने पर डीएम ने प्रतिदिन के लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण परियोजनाओं की निर्धारित प्रारूप पर रिपोर्ट न देने वाले एडीओ पंचायतों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग की समीक्षा में सीवीओ ने बताया कि सहभागिता योजना में जुलाई तक का भुगतान हो गया है और अगस्त के लिए मांग पत्र भेज दिया है। लंपी वायरस की रोकथाम के लिए 01 लाख गायों को प्रतिरक्षित किया जा चुका है। डीएम ने बीडीओ को चारा बुवाई के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि का सदुपयोग करने के निर्देश दिए। कन्या सुमंगला में 128 लंबित आवेदनों जल्द से जल्द निस्तारित करने और धान क्रय के लिए मण्डी में लगने वाले सरकारी क्रय कंेद्रों को आगे स्थापित कराने, मण्डी की सड़कों को आढ़तियों से अतिक्रमण मुक्त रखने, साइन बोर्ड लगाने और मण्डी सचिवों को एसडीएम के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आगमी माह नवंबर में पड़ने वाली शादी मुहुर्त में जिले के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति के लिए ब्लॉकवार आवंटित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, डीएफओ शिवम कुमार, पीडी आर0के0 कुरील सहित सभी बीडीओ एवं जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



