प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों में 76.62 प्रतिशत भौतिक प्रगति, आयुक्त ने की समीक्षा
ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों को मिल रही रफ्तार, 295 कार्यों में 76.62 प्रतिशत भौतिक प्रगति

अलीगढ़ आयुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ ओ0पी0 आर्य की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी सड़क एवं अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजते समय स्थानीय स्तर पर निजी एवं विवादित भूमि के संबंध अच्छे से मौका-मुआयन कर लें ताकि बाद में न्यायालय का विषय न बने।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की अगस्त 2026 की कार्ययोजना के अनुसार अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, एटा, कासगंज एवं हाथरस जनपदों में कुल 295 कार्य उपलब्ध हैं। इनमें 77 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 209 कार्य प्रगति पर हैं। कुल कार्यों के सापेक्ष 76.62 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है। आयुक्त ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक पूरा करने और प्रगतिरत कार्यों में अपेक्षित गति बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि मंडल के लिए वित्तीय वर्ष में 11,000 लाख रुपये का निर्धारित लक्ष्य है। माह तक 2,954.45 लाख रुपये की कुल धनराशि उपलब्ध हुई है, जिसके सापेक्ष 2,153.63 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। इस प्रकार उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष 72.89 प्रतिशत व्यय दर्ज किया गया है। मण्डलायुक्त ने आवंटित धनराशि का समय से उपयोगिता प्रमाण पत्र शासन को भेजने के निर्देश दिए ताकि विकास एवं निर्माण कार्य बाधित न हों। उन्होंने 01 जुलाई तक 05 वर्ष पूर्ण कर चुकी सभी सड़कों को सूचीबद्ध करते हुए लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए ताकि उनका गुणवत्तापरक ढ़ंग से अनुरक्षण हो सके।
जनपदवार स्थिति के अनुसार अलीगढ़ के लिए 3,800 लाख रुपये, एटा के लिए 2,700 लाख रुपये, कासगंज के लिए 2,500 लाख रुपये और हाथरस के लिए 2,000 लाख रुपये का वित्तीय लक्ष्य निर्धारित है। समीक्षा में अधिकारियों द्वारा कार्यों की प्रगति, उपलब्ध धनराशि और व्यय की स्थिति से अवगत कराया गया। मण्डलायुक्त ने सभी निर्माण कार्यों को दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को उसका जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
हाथरस में दर्जनों ग्रामीण संपर्क कार्य प्रगति पर
हाथरस में त्वरित विकास योजना के तहत सड़क, नाली एवं इंटरलॉकिंग के विभिन्न कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। ग्राम बरवाना, नगला अदू, नजरपुर, गढ़ी धारु, नीजरा, परसारा, बसई बाबस, बसगोई, सासनी, सिकंदराराऊ, ऊसवा, मुरसान एवं सहपऊ क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण एवं सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें नए सड़क मार्गों के निर्माण के साथ नाली एवं इंटरलॉकिंग कार्य शामिल हैं। प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ वर्ष 2027 में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है।



