अलीगढ़

पाइपलाइन के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत, 01 अक्टूबर से वृहद अभियान

अलीगढ़ :  जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों के पुनर्स्थापन के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण द्वारा 01 अक्टूबर से वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। जनपद में पाइपलाइन बिछाने के लिए 2428 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से 2214 किलोमीटर सड़क का दुरुस्तीकरण पूरा हो चुका है। शेष 214 किलोमीटर सड़कों को अभियान के तहत दुरुस्त कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता लोकेश शर्मा ने बताया कि ग्रामीण यदि किसी ऐसी सड़क की फोटो या वीडियो भेजना चाहते हैं, जिसकी पाइपलाइन बिछाने के बाद मरम्मत नहीं हुई है, तो जल सारथी ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प पर जाकर नाम, गांव एवं पता दर्ज कर सड़क की फोटो-वीडियो अपलोड की जा सकती है। इसके अतिरिक्त टोल-फ्री नंबर 18001212164 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निस्तारण कराया जाएगा और प्रदेश मुख्यालय स्तर से इसकी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए लगभग 7120 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। शेष सड़कों के पुनर्स्थापन का कार्य अभियान के दौरान प्राथमिकता से कराया जाएगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!