निदेशक पशुपालन ने गौ आश्रय स्थलों का किया औचक निरीक्षण
गौवंश के टीकाकरण, चिकित्सा एवं भरण-पोषण व्यवस्थाओं की गहनता से की समीक्षा

अलीगढ़): निदेशक प्रशासन, पशुपालन विभाग डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने शनिवार को जिले के दो गौ आश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण गौ आश्रय स्थल गालिबपुर एवं नगरीय गौ आश्रय स्थल कौड़ियागंज का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। गालिबपुर गौ आश्रय स्थल में 142 और कौड़ियागंज गौ आश्रय स्थल में 124 गोवंश संरक्षित पाए गए। निदेशक ने गोवंश के टीकाकरण, चिकित्सा, भरण-पोषण सहित अन्य व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गोवंश के संरक्षण एवं बेहतर देखभाल के लिए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के उपरांत निदेशक पशुपालन की अध्यक्षता में जिले के सभी उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुपालन विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए गए। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक पशुपालन डॉ. हौसला प्रसाद एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



