किसानों की मांग पर फिर शुरू हुआ पीसीएफ केंद्र अतरौली
किसानों को खाद के लिए भागदौड़ से मिलेगी राहत

अलीगढ़ किसानों की मांग पर पीसीएफ केंद्र अतरौली पर उर्वरकों की बिक्री दोबारा शुरू हो गई है। केंद्र के चालू होने से क्षेत्रीय किसानों को स्थानीय स्तर पर खाद उपलब्ध हो सकेगी, जिससे दूसरे केंद्रों तक जाने में लगने वाले समय और परिवहन खर्च की बचत होगी। खासकर रबी फसलों की तैयारी के दौरान किसानों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पिछले रबी सीजन के बाद से बंद इस केंद्र पर खरीफ सीजन में भी बिक्री नहीं हो पाई थी। पिछले किसान दिवस में किसानों ने केंद्र शुरू कराने की मांग उठाई थी, जिस पर जिलाधिकारी ने संचालन बहाल करने के निर्देश दिए थे।
अतरौली में संपूर्ण समाधान दिवस के बाद जिला कृषि अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार चौधरी ने केंद्र का निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था का जायजा लिया। केंद्र पर यूरिया, टीएसपी, एनपीके और पोटाश सहित विभिन्न उर्वरक उपलब्ध हैं। वहीं इस केंद्र पर डीएपी का आवंटन भी हो चुका है और जल्द ही इसकी आपूर्ति की जाएगी। केंद्र के पुनः संचालन से किसानों को खाद प्राप्त करने का एक अतिरिक्त स्थानीय विकल्प मिला है। कृषि विभाग ने किसानों से फसल की जरूरत और विशेषज्ञों की संस्तुति के अनुसार उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल करने की अपील की है।



