
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी। शनिवार को डीएस कॉलेज में आयोजित एमएलसी चुनाव प्रचार बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया।डिप्टी सीएम ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल पर्दे के पीछे राजनीतिक गतिविधियों के जरिए अपना एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
ब्रजेश पाठक ने आपातकाल का मुद्दा उठाकर कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मजबूत संगठन बताते हुए आगामी चुनावों में जीत का विश्वास जताया।



