अलीगढ़

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गौ आश्रय स्थल सम्मानित

विकास भवन गांधी सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया

अलीगढ़ भारत में दुग्ध क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन गांधी सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता एवं अपर निदेशक ग्रेड-एक गोधन विकास, पशुपालन विभाग की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में दुग्ध क्रांति के योगदान और पशुपालन क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 दिवाकर त्रिपाठी ने देश में दुग्ध क्रांति की शुरुआत और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसके सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। अपर निदेशक गोधन विकास ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और देसी नस्ल की गायों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गौ आश्रय स्थलों एवं संबंधित ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। इनमें विकास खंड जवां का परतापुर, खैर का ऐंचना, लोधा का बादवामिनी और धनीपुर के मुसेपुर जलाल एवं सिकंदरपुर माछुआ के गौ आश्रय स्थल शामिल रहे। कार्यक्रम में अपर निदेशक पशुपालन, अलीगढ़ मंडल, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम, दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!