अलीगढ़

डिफेंस कॉरिडोर में ड्रोन प्लांट की स्थापना का रास्ता साफ करने की पहल, यूपीडा ने तय की प्रक्रिया

बैंक गारंटी उपलब्ध कराने पर एंकर रिसर्च लैब्स को जारी होगी परमिशन टू मॉर्गेज की एनओसी, 550 करोड़ रुपये के निवेश से प्रस्तावित है परियोजना

अलीगढ़  अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर में 550 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से अत्याधुनिक ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर एवं रडार सिस्टम निर्माण प्लांट की स्थापना के संबंध में यूपीडा द्वारा आवश्यक प्रक्रिया स्पष्ट कर दी गई है। एंकर रिसर्च लैब्स एलएलपी को आवंटित भूखंड के संबंध में बैंक के पक्ष में परमिशन टू मॉर्गेज के लिए एनओसी जारी करने और लीज डीड हस्तांतरित करने के लिए आवश्यक शर्तें निर्धारित की गई हैं।
इस संबंध में यूपीडा के अधिशासी अभियंता एस पी सिंह द्वारा अवगत कराया गया है कि निवेशक के प्रस्ताव पर परमिशन टू मॉर्गेज के लिए विचार किया जा चुका है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, यदि बैंक द्वारा यूपीडा को भूखंड की लीज डीड उपलब्ध कराए जाने के 30 दिनों के भीतर लैंड सब्सिडी के रूप में 1 करोड़ 31 लाख 32 हजार 500 रुपये और उस पर देय ब्याज एवं समय विस्तार शुल्क के रूप में एक करोड़ रुपये व 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त के समतुल्य बैंक गारंटी उपलब्ध कराने पर सहमति दी जाती है, तो बैंक के पक्ष में परमिशन टू मॉर्गेज की एनओसी जारी करने के साथ ही लीज डीड का हस्तांतरण कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत अंडला में एंकर रिसर्च लैब्स एलएलपी को लगभग 10.12 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी द्वारा यहां 550 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों एवं ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है। यूपीडा की ओर से स्पष्ट की गई प्रक्रिया से परियोजना के संबंध में बैंकिंग औपचारिकताओं को पूरा करने का मार्ग निर्धारित हुआ है। बैंक की सहमति एवं निर्धारित बैंक गारंटी उपलब्ध कराए जाने के बाद आवश्यक एनओसी और लीज डीड हस्तांतरण की कार्रवाई की जा सकेगी। इससे परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा। अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर में रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों की स्थापना से जनपद में औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे में प्रस्तावित परियोजना की औपचारिकताएं पूरी होने और निर्माण कार्य आगे बढ़ने से अलीगढ़ को रक्षा विनिर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को गति मिलेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!