ईसीआईनेट ऐप से निर्वाचन संबंधी सुविधाएं अब मोबाइल पर, डीएम ने की डाउनलोड करने की अपील
अपने परिवार का नाम मतदाता सूची में जरूर जांचें, ईसीआईनेट ऐप से मिलेगी घर बैठे सुविधा

विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों को ईसीआईनेट ऐप से जोड़ने की पहल, शिक्षण संस्थानों से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों से ऐप डाउनलोड करने की अपील की
अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित ईसीआईनेट मोबाइल ऐप को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने की अपील की है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से मतदाता घर बैठे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम देख सकते हैं। इसके साथ ही पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने, मतदाता पहचान पत्र में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन करने और अपने आवेदन की स्थिति जानने जैसी निर्वाचन संबंधी सुविधाओं का लाभ एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से पात्र मतदाता डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने, अपने मतदान केंद्र एवं विधानसभा क्षेत्र की जानकारी प्राप्त करने, बीएलओ से संपर्क करने और निर्वाचन संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम मॉड्यूल के माध्यम से आवश्यक सहायता का अनुरोध करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन प्रक्रिया एवं उम्मीदवारों से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के समस्त विद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों और शिक्षकों से विशेष अपील की है कि वे इस डिजिटल पहल को विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रार्थना सभा, कक्षा शिक्षण और अभिभावक बैठकों के दौरान ऐप की उपयोगिता की जानकारी देकर विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, निकट भविष्य में मतदाता बनने के पात्र युवाओं, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से ऐप डाउनलोड करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता एवं परिवार के अन्य पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें तथा जिन पात्र सदस्यों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, उनका नियमानुसार पंजीकरण कराने में सहयोग करें।
ईसीआईनेट ऐप एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप डाउनलोड करते समय डेवलपर का नाम Election Commission of India अवश्य जांच लें। ऐप डाउनलोड करने का लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=in.gov.eci.app है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और निर्वाचन संबंधी जानकारी से जागरूक रहना प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने भी जनपदवासियों से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए निर्वाचन आयोग की इस पहल से जुड़ने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।



