अग्रसेन जयंती महोत्सव में 24 अक्टूबर को सजेगा सम्मान का भव्य मंच
25 अक्टूबर को निकलेगी दिव्य शोभायात्रा

अलीगढ़। श्री अग्रवाल युवा संगठन (रजि.), अलीगढ़ द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के उपलक्ष्य में होटल गायत्री पैलेस, गूलर रोड, अलीगढ़ में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य सम्मान समारोह, महायज्ञ, महाराजा अग्रसेन शोभायात्रा तथा राजतिलक समारोह की विस्तृत जानकारी साझा की। इस वर्ष जयंती महोत्सव को सामाजिक एकता, सेवा, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के संगम के रूप में मनाया जा रहा है।जयंती संयोजक एडवोकेट प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को सायं 4 बजे से डी.एस. डिग्री कॉलेज के सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।संगठन अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग, भीलवाड़ा के सांसद दामोदर दास अग्रवाल, अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल, (लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री) अमित अग्रवाल, (मेरठ कैंट के विधायक) अमित अग्रवाल तथा (अयोध्या के विधायक) वेद प्रकाश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
महामंत्री पीयूष अग्रवाल ने बताया कि सम्मानित अतिथियों में खुर्जा (नगर पालिका परिषद की चेयरमैन) अंजना सिंघल, (बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन) दीप्ति मित्तल तथा (भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य) डॉ. राजीव अग्रवाल सहित अन्य विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।कोषाध्यक्ष प्रखर गर्ग ने बताया कि संगठन द्वारा समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पाँच प्रमुख क्षेत्रों—वयोवृद्ध सम्मान, विधि, शिक्षा, साहित्य एवं चिकित्सा—में सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की प्रेरणादायी विभूतियों के योगदान को प्रतिष्ठा प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देना है।पत्रिका संपादक प्रांजुल गर्ग (गार्गो) ने बताया कि इस वर्ष संगठन की सामाजिक पत्रिका ‘अग्रज्योति’ के 33वें अंक का विमोचन समारोह में आमंत्रित अतिथियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पत्रिका को पिछले 32 वर्षों की परंपरा से अलग, नवीन कलेवर और आकर्षक प्रस्तुति के साथ तैयार किया गया है। पत्रिका में समाज, संस्कृति, सनातन परंपराओं तथा सामाजिक सरोकारों को विशेष स्थान दिया गया है। यह अंक समाज की उपलब्धियों, विचारों और सांस्कृतिक चेतना को नए स्वरूप में प्रस्तुत करेगा।पूर्व अध्यक्ष नवीन अग्रवाल (जलेसर) ने बताया कि रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे श्री अग्रसेन चौक पर महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में मीनाक्षी अग्रवाल एवं अरविंद अग्रवाल (तुलसी डेरी, अतरौली) उपस्थित रहेंगे।



