आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं पोषण माह के अंतर्गत भव्य आयोजन
रंगोली एवं पौष्टिक व्यंजनों के माध्यम से दिया पोषण का संदेश

श्रीमती विजय सिंह, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत
अलीगढ़ : बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं पोषण माह के संयुक्त आयोजन के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को कस्तूरी देवी आगनवाड़ी केंद्र, पुरानी चुंगी पर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से जनसामान्य को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही क्षेत्रीय महामंत्री श्रीमती मधुलिका राघव एवं संगठन मंत्री श्रीमती अम्बिका चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां समाज के लिए अत्यंत आवश्यक कार्य कर रही हैं। बच्चों के विकास, महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता तथा सरकारी योजनाओं के लाभ को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के समर्पण एवं मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा कार्यकर्त्रियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।
क्षेत्रीय महामंत्री श्रीमती मधुलिका राघव ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक देखभाल, स्वास्थ्य जागरूकता तथा महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां देश की भावी पीढ़ी को स्वस्थ, सशक्त एवं सक्षम बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रही हैं। उनके कार्यों का सकारात्मक प्रभाव परिवारों और समाज दोनों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को जीवन की प्रारंभिक अवस्था से ही उचित पोषण एवं देखभाल उपलब्ध कराना देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक है। इस दिशा में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी के0के0 राय ने अपने संबोधन में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं विधिवत ढंग से संपन्न कराया गया है। यह उनके समर्पण, परिश्रम और विभागीय योजनाओं के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने सभी कार्यकर्त्रियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विभागीय योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने तथा समुदाय की सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
रंगोली एवं पौष्टिक व्यंजनों के माध्यम से पोषण जागरूकता
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां रहीं। कार्यकर्त्रियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का परिचय देते हुए रंगों के माध्यम से पोषण का महत्व प्रस्तुत किया। रंगोलियों में संतुलित आहार, हरी सब्जियों, मौसमी फलों, दालों, अनाज तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मस्तिष्क के निर्माण के लिए संतुलित और विविधतापूर्ण आहार अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण पर ध्यान देना आवश्यक है। सही पोषण से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने तथा कुपोषण की समस्या को कम करने में सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के माध्यम से पोषण के विविध आयामों की जानकारी दी गई। इन व्यंजनों के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया गया कि घर में उपलब्ध सामान्य खाद्य सामग्री से भी स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम ने पोषण संबंधी जानकारी को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया।
जनसहभागिता एवं विभागीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम ने आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने तथा पोषण संबंधी संदेशों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कुपोषण की रोकथाम केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समुदाय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी सही जानकारी को दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में समस्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य सेविकाएं श्रीमती मंजू, श्रीमती श्वेता, श्रीमती सम्मी, श्रीमती नवनीत शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, समर्पण एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां केवल विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्वस्थ बचपन, सुपोषित मातृत्व और जागरूक समाज के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।



