रिकॉर्ड वसूली के नाम रहा वित्तीय वर्ष 2025-26, राजस्व वसूली में अलीगढ़ नगर निगम ने बनाया नया कीर्तिमान
नगर निगम की संपत्ति कर की रिकॉर्ड वसूली से अलीगढ़ में चौमुखी विकास की राह आसान होगी

नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए संपत्ति कर वसूली को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानने वाले एवं नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत महापौर प्रशान्त सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के सार्थक प्रयासो से वित्तीय वर्ष 2025-26 अलीगढ़ नगर निगम के लिए राजस्व वसूली के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। नगर आयुक्त ने राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए कर एवं करेत्तर मदों में प्रभावी कार्यवाही और निरंतर प्रयास किए गए।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर निगम अलीगढ़ का कुल वसूली लक्ष्य ₹187.31 करोड़ निर्धारित किया गया था। इसमें कर मद से ₹134.51 करोड़ तथा करेत्तर मद से ₹52.80 करोड़ की वसूली का लक्ष्य निर्धारित रहा।उन्होंने बताया कि राजस्व वसूली को बढ़ाने के लिए नगर निगम स्तर पर नियमित समीक्षा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा बकायेदारों से वसूली के लिए लगातार अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। इससे नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और शहर में विकास कार्यों के लिए संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिली।गौरतलब है कि इससे पूर्व वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम अलीगढ़ का कुल वसूली लक्ष्य ₹146.82 करोड़ था, जिसमें कर मद से ₹88.79 करोड़ तथा करेत्तर मद से ₹57.98 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित था।नगर आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल ₹187.31 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया जाना नगर निगम की राजस्व क्षमता में बढ़ोतरी को दर्शाता है। राजस्व में वृद्धि से नगर निगम को शहर में सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।महापौर प्रशान्त सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने राजस्व वसूली में सहयोग करने वाले समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों तथा करदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मजबूत राजस्व व्यवस्था ही बेहतर एवं आत्मनिर्भर नगर की आधारशिला है।



