अलीगढ़

अलीगढ़ सोलर वेंडर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भारत मंडपम का किया दौरा

वैश्विक ऊर्जा सम्मेलन में स्वच्छ ऊर्जा, सौर तकनीक और ग्रीन हाइड्रोजन की संभावनाओं से हुए रूबरू

अलीगढ़, 4 नवंबर। अलीगढ़ सोलर वेंडर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सम्मेलन एवं एक्सपो का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में विकसित हो रही नवीन तकनीकों, वैश्विक निवेश की संभावनाओं और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, 40 से ज्यादा मंत्रियों तथा वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं की सहभागिता हो रही है। सम्मेलन में सोलर एनर्जी, क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, विंड एनर्जी और ऊर्जा भंडारण (Energy Storage) जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) की 9वीं बैठक और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने एक्सपो में प्रदर्शित नवीन तकनीकों एवं ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सौर ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता से स्थानीय सोलर वेंडर्स को नई तकनीकों, बाजार की संभावनाओं और उद्योग के बदलते स्वरूप को समझने का अवसर मिलता है। इससे अलीगढ़ में सौर ऊर्जा के प्रसार तथा उपभोक्ताओं को बेहतर तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के संरक्षक मनीष सिंह, अध्यक्ष अमित शर्मा, सचिव ज्ञानेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार तथा सदस्य शीलेन्द्र उपाध्याय, ब्रजेश कुमार, आमिर, मदन मोहन, निखिल राज एवंहै योगेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरे को अलीगढ़ के सोलर उद्योग के लिए ज्ञान, तकनीक और नए अवसरों से जुड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!