अलीगढ़

ग्रामीण क्षेत्रों में जन औषधि केंद्र संचालन के लिए फार्मासिस्टों से आगे आने की अपील

सहकारी समितियों के माध्यम से मिलेगा स्वरोजगार का सुनहरा अवसर, ग्रामीणों को सस्ती दवाओं का होगा लाभ

अलीगढ़ : ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देेश्य से सहकारिता विभाग द्वारा प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। विभाग ने जनपद के योग्य एवं पंजीकृत फार्मासिस्टों से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता नागेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जन औषधि केंद्रों के संचालन के लिए भारत सरकार के मानकों के अनुसार पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपलब्धता अनिवार्य है। ऐसे में जनपद के योग्य फार्मासिस्ट आगे आकर इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जन औषधि केंद्रों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्र केवल रोजगार का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज सेवा का भी सशक्त अवसर हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध होंगी। साथ ही सहकारी समितियों की आय में वृद्धि होगी तथा सरकार के ’’सहकार से समृद्धि’’ अभियान को नई गति मिलेगी।विभाग ने बताया कि जिन पैक्स समितियों पर जन औषधि केंद्र स्थापित किए जाने हैं, वहां आवश्यक व्यवस्थाएं चरणबद्ध रूप से पूर्ण की जा रही हैं। पात्र एवं इच्छुक फार्मासिस्टों के जुड़ते ही केंद्रों का संचालन तत्काल प्रारंभ कराया जाएगा। सहकारिता विभाग ने जनपद के सभी पंजीकृत फार्मासिस्टों से अपील की है कि वे इस महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना से जुड़कर ग्रामीण भारत को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इच्छुक फार्मासिस्ट अधिक जानकारी के लिए संबंधित सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता कार्यालय अथवा निकटतम प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति से संपर्क कर सकते हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!