संचारी रोगों की रोकथाम के लिए निकली जागरूकता रैली
मा0 शहर विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश

अलीगढ़ : संचारी रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का गुरुवार को व्यापक जन-जागरूकता के साथ शुभारंभ हुआ। मलखान सिंह जिला चिकित्सालय से आयोजित जागरूकता रैली को मुख्य अतिथि मा0 विधायक शहर श्रीमती मुक्ता संजीव राजा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं और अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने की शपथ दिलाई उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छता, जागरूकता और समय से उपचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनसमुदाय से अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घरघर जाकर बुखार से पीड़ित व्यक्तियों सहित मलेरिया, फाइलेरिया, कुष्ठ एवं क्षय रोग से प्रभावित रोगियों तथा कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन फॉगिंग एवं कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।जागरूकता रैली मलखान सिंह जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर रसलगंज, हकीम की सराय एवं कोयले वाली गली से होते हुए प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई रैली में स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के कर्मचारियों ने स्वच्छता संबंधी संदेशों के साथ लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया तथा स्वच्छता के नारे लगाए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मलखान सिंह जिला चिकित्सालय डॉ. जगवीर सिंह वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय डॉ. तैयब खान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री, जिला मलेरिया अधिकारी विनीता मिश्रा, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. रोहित गोयल, सहायक मलेरिया अधकारी जितेंद्र कुमार वार्ष्णेय, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक ऋषि कुमार, मलेरिया निरीक्षक राजेश कुमार पाठक, उमा रानी एवं महर्षि अग्निहोत्री, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शोएब अंसारी, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर कमलेश चौरसिया, अर्बन कोऑर्डिनेटर अकबर खान सहित स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



